Business

Header Ads

दिल्ली पब्लिक स्कूल मिहान में भव्य वार्षिक स्कूल मेले 'फेबफेयर-2026' का हुआ आयोजन !

नागपुर : दिल्ली पब्लिक स्कूल मिहान ने 31 जनवरी 2026 को अपने बहुप्रतीक्षित वार्षिक स्कूल मेले 'फेबफेयर-2026' का रंग, उमंग और उत्साह से भरपूर वातावरण में भव्य आयोजन किया। इस आनंदमय उत्सव में विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं स्टाफ सदस्यों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की और पूरे परिसर में उल्लास की छटा बिखेर दी।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि 98.3 रेडियो मिर्ची, नागपुर की लोकप्रिय होस्ट आरजे लावण्या रहीं, जिन्होंने मेले का विधिवत उद्घाटन किया। दिल्ली पब्लिक स्कूल मिहान एवं कामठी रोड की अध्यक्षा एवं प्रो वाइस चेयरपर्सन तुलिका केडिया तथा निदेशक सविता जायसवाल ने आभासी माध्यम से उपस्थित होकर विद्यालय द्वारा किए गए इस अभिनव प्रयास की सराहना की और समग्र विकास व आनंदमय शिक्षा के प्रति विद्यालय की प्रतिबद्धता को सराहा।

मेले का मुख्य आकर्षण भव्य फैशन शो रहा, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया। आत्मविश्वास से भरे नन्हें प्रतिभागियों ने रैंप पर चलते हुए सांस्कृतिक विविधता, रचनात्मकता और आधुनिक विषयों को दर्शाती अनुपम पोशाकें प्रस्तुत कीं। यह फैशन शो दो श्रेणियों में आयोजित किया गया 'मिनी मी' (3 से 8 वर्ष) जिसमें एक अभिभावक के साथ प्रस्तुति, तथा ट्रैडिशन मीट्स ट्रेंड्स' (9 से 14 वर्ष) ।

इस अवसर पर डॉ. वार्तिका पाटिल (मिसेज यूनिवर्स वेस्ट एशिया एवं मिसेज यूनिवर्स फैब्युलस) मुख्य अतिथि रहीं। कार्यक्रम के सहयोगी भागीदार राशि बुधरानी एवं रेड कार्पेट मैगज़ीन रहे, जबकि आईएसएएस और स्विच ने आयोजन को सशक्त समर्थन प्रदान किया। लोकप्रिय आभूषण ब्रांड तनिष्क इस रंगारंग कार्यक्रम का गिफ्टिंग पार्टनर रहा। फैशन शो का मूल्यांकन प्रतिष्ठित निर्णायक मंडल दिपावली चौधरी (ब्लॉगर व फैशन इन्फ्लुएंसर), डॉ. ऋतु सिंह चौहान (अभिनेत्री एवं निर्माता) तथा सोनिया खत्री (डायटीशियन एवं न्यूट्रिशनिस्ट) द्वारा किया गया।

विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन में विभिन्न खेलों के आयोजन में उत्साहपूर्वक भाग लिया, जहाँ उनकी रचनात्मकता, टीमवर्क और जिम्मेदारी की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली। आगंतुकों ने लाइव डांस फ्लोर, मनोरंजक राइड्स का आनंद लिया, स्वादिष्ट व्यंजनों का लुत्फ उठाया और रोमांचक प्रतियोगिताओं व लकी ड्रॉ में भाग लिया। लकी ड्रॉ के आकर्षक पुरस्कारों में प्रथम पुरस्कारः सिंगिनावा जंगल लॉज, कान्हा (मध्य प्रदेश) में फैमिली नाइट स्टेः द्वितीय पुरस्कारः स्पोर्ट्स साइकिल; तृतीय पुरस्कारः वंडर शेफ न्यूट्रिपॉट; चतुर्थ पुरस्कारः वंडर शेफ एयरफ्रायर; तनिष्क का सिल्वर आर्टिकल तथा 10 सांत्वना पुरस्कार शामिल थे।

विद्यालय की प्राचार्या निधि यादव ने प्रायोजकों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया और फेबफेयर के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यह आयोजन विद्यार्थियों में सामाजिक एवं उद्यमशील कौशल विकसित करने के साथ-साथ समुदाय के बीच सशक्त संबंध स्थापित करने का प्रभावी मंच है।

कुल मिलाकर, यह भव्य मेला 4000 से अधिक लोगों के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव सिद्ध हुआ, जहाँ गाउंन प्रतिभा और आपसी सौहार्द का उत्सव पूरे वैभव के साथ मनाया गया।

छायाचित्र

Post a Comment

0 Comments